महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर शिवालयों में किया जलाभिषेक,भक्तों ने प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भी किया आयोजन

करनैलगंज गोण्डा (रमेश पाण्डेय)। गुरुवार को महाशिवरात्रि पर्व पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब शिवालयों पर दर्शन एंव जलाभिषेक हेतु एकत्रित होने लगा। साथ ही इस बार सरयू में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी इजाफा हुआ। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर सरयू का पवित्र जल विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लेकर गए तथा जलाभिषेक किया। वहीं सरयू घाट के सन्तेश्वर  नाथ महादेव मंदिर एवं मनकामेश्वर नाथ महादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया।
सर्वाधिक भीड़ करनैलगंज के प्रसिद्ध बनखंडी नाथ मंदिर पर उमड़ी। जहां हजारों की संख्या में शिव भक्तों ने जलाभिषेक किया। यहां एक बड़े मेले का भी आयोजन किया गया था। मंदिर में जलाभिषेक के साथ-साथ प्रसाद वितरण का भी कार्यक्रम मंदिर पर रखा गया था। इसके साथ ही करनैलगंज नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में गुरुवार की शाम भंडारा एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया। नगर के मोहल्ला बम पुलुस में स्थित शिव मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ और नगर के मोहल्ला बालूगंज में स्थित शिव मंदिर पर शाम को प्रसाद वितरण एवं भंडारा हुआ। इसके साथ-साथ चौक घंटाघर पर स्थित शिव मंदिर पर भी प्रसाद वितरण कार्यक्रम रखा गया। जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर अशोक सिंघानिया, संजय गुप्ता, नन्द किशोर सिंघानिया, अंकित सिंघानिया, कन्हैयालाल वर्मा, शिवा भट्ट, ओमप्रकाश, जोगेंद्र सिंह जानी, चंद्रशेखर गोस्वामी सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form