शहीद हुए जवानों की स्मृति में निकली विजय मशाल,1971 युद्ध के योद्धाओं का हुआ सम्मान

गोण्डा (रमेश पाण्डेय)। स्वर्णिम विजय वर्ष के तत्वावधान में भारत-पाकिस्तान युद्ध 1971 में शहीद हुए जवानों के स्मरण एंव योद्धाओं के सम्मान तथा भारतीय नागरिकों में देश प्रेम की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से 16 दिसम्बर 2020 को नेशनल वार मेमोरियल दिल्ली से जो विजय ज्योति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रज्ज्वलित की है। वही विजय मशाल 27 फ़रवरी 2021को गोंडा जिले के पुलिस परेड ग्राउंड पहुंची। विजय मशाल को सैन्य परंपरा के अनुसार 5वीं बटालियन जम्मू कश्मीर राइफल्स के कमान अधिकारी कर्नल शिशिर तथा एन सी सी के कमान अधिकारी कर्नल सुनीत सिंह शौर्य चक्र ने किया। सर्वप्रथम विजय मशाल अम्बेडकर चौराहे पर पहुंची, वहां पर सूबेदार बीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में एन सी सी कैडेटों ने फ्लेम रन किया।
विजय मशाल जब पुलिस परेड ग्राउंड पहुंची तो उपस्थित लोगों ने भारतीय सेना तथा भारत माता का जय घोष किया। कार्यक्रम का उदघाटन 5 वी बटालियन जम्मू कश्मीर राइफल्स के कमान अधिकारी कर्नल शिशिर श्रीवास्तव ने किया। विजय मशाल के सम्मान में 48 वी बटालियन एन सी सी के कैडेटों ने मार्च पास किया तथा जे के राइफल्स की बैंड पार्टी ने विभन्न करतब दिखाए इसके पश्चात् एन सी सी कैडेटों व विभिन्न विद्यालयों से छात्र तथा छात्राओं ने मनमोहक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में 1971 युद्ध के योद्धा रहे कर्नल त्रिपाठी व हवलदार माता प्रसाद एवं उस समय के वीर सैनिक की वीर नारी शांति देवी को सम्मानित किया गया। 
इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मार्कंडेय साही,पुलिस अधीक्षक शैलेश  कुमार तथा पुलिस विभाग डीआईजी  राकेश कुमार आदि की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन 48वी बटालियन एन सी सी गोंडा ए एन ओ मेजर राजाराम ने किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी ने एन सी सी कैडेटों को संबोधित किया। एन सी सी कैडेटों की प्रस्तुति की जमकर तारीफ की एवं एन सी सी बालिका कैडेटों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा एवं स्वावलंबन सम्बन्धी योजना मिशन शक्ति का ब्रांड एंबेसडर बनाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form