वृक्ष काटने के हुए विवाद में महिला ने कोतवाली पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप



कर्नलगंज,गोण्डा। कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत एक गांव में वृक्ष काटने के हुए विवाद में लोगों ने घर मे घुसकर महिला के साथ छेड़खानी करते हुये उसकी जमकर पिटाई कर दी। जिससे गर्भवती महिला को ब्लीडिंग होने लगी, जिससे चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया है।                                                                                                                          मामला क्षेत्र के एक गांव से जुड़ा है, यहां की निवासिनी एक पीड़ित गरीब महिला ने पुलिस अधीक्षक को आनलाइन प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमे कहा गया है कि उसके पति व देवर रोजी-रोटी के सिलसिले में दिल्ली गये हैं। जहां मजदूरी मेहनत कर रहे हैं। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि उसके खेत के मेंड़ पर शिव बबूल व शहतूत का वृक्ष लगा था। बीते रविवार को दोपहर बाद गांव के ही निवासी कुछ लोग खेत की मेंड़ पर लगे वृक्षों को काटने लगे। मौके पर पहुंचकर उसने वृक्ष काटने से मना किया। जिस पर गाली देते हुये सभी लोग उसे मारने के लिये दौड़ा लिये। वह अपनी जान बचाकर भागते हुये आयी और अपने घर के अंदर चली गई। जिस पर पीछा करते हुये पांचों लोग घर के अंदर घुसकर महिला के साथ छेड़खानी करते हुये उसे मारने लगे। उसे बचाने पहुंची उसकी देवरानी व पुत्री को भी सभी लोग मारने लगे। महिला ने बताया कि उसकी देवरानी गर्भवती है उसके पेट व पेंड़ू पर लात मारने से वह चोटिल हो गई और उसके ब्लीडिंग शुरू हो गई। वहीं महिला व उसकी पुत्री भी चोटिल हो गई। उसने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दिया जिस पर पुलिस ने उससे एक कागज पर अंगूठा लगवाकर महिला को डॉक्टरी परीक्षण के लिये भेज दिया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे जिला चिकित्सालय के लिये रेफर कर दिया। महिला का आरोप है कि पुलिस उसके विपक्षियों से मिलकर तहरीर बदलते हुये गंभीर घटना को एनसीआर में दर्ज करने का प्रयास कर रही है। उसने सुसंगत धाराओ में मुकदमा दर्ज करवाकर उचित कार्यवाही करने की मांग की है। उक्त संबंध में में प्रभारी कोतवाल सीपी सिंह ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है, जांच कराई जा रही है। मामले में आरोप की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form